वीडियो वायरल: ललित ने विजय माल्या की पार्टी के मजेदार पल शेयर कर बढ़ाई चर्चा

 

ललित मोदी ने सोमवार (22 दिसंबर) को विजय माल्या की जन्मदिन पार्टी का वीडियो शेयर कर भारत पर कटाक्ष किया, जिसमें उन्होंने खुद को और माल्या को 2 सबसे बड़े भगोड़े बताया. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक आयुक्त रहे ललित मोदी को लंदन से जारी वीडियो में ये कहते सुना जा सकता है कि हम दो भगोड़े हैं, भारत के सबसे बड़े भगोड़े.

ललित मोदी ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो के कैप्शन में लिखा कि चलिए मैं कुछ ऐसा करता हूं, जिससे इंटरनेट पर फिर से तहलका मच जाए. आप लोगों के लिए कुछ खास. इसे लेकर सोशल मीडिया पर तमाम रिएक्शन आ रहे हैं. एक व्यक्ति ने कहा कि उन्होंने भारत सरकार का कितना मजाक उड़ाया है, वहीं कुछ लोगों ने इसके लिए भारतीय अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया.

बॉम्बे हाई कोर्ट ने माल्या को लेकर क्या कहा 
हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने विजय माल्या से पूछा कि वह कब भारत लौटने का इरादा रखते हैं. इस दौरान उनके वकील को बताया गया कि जब तक वह पहले खुद को हाई कोर्ट के अधिकार क्षेत्र में पेश नहीं करते, तब तक कोर्ट भगोड़े आर्थिक अपराधी अधिनियम के खिलाफ उनकी याचिका पर सुनवाई नहीं करेगा.

2016 से ब्रिटेन में रह रहे विजय माल्या ने हाई कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की हैं. एक में उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने के आदेश को चुनौती दी गई है और दूसरी में 2018 के अधिनियम की संवैधानिक वैधता पर सवाल उठाया गया है. जनवरी 2019 में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत ने विजय माल्या को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था. कई लोन के भुगतान में चूक और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे माल्या मार्च 2016 में भारत छोड़कर भाग गए थे.

2010 में देश छोड़कर भाग गए ललित मोदी 
दूसरी ओर ललित मोदी 2010 में टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और आईपीएल से जुड़े प्रॉक्सी स्वामित्व के आरोपों के बीच भारत से भाग गए. ईडी का दावा है कि ललित मोदी ने 2009 में आईपीएल के प्रसारण अधिकारों के आवंटन की प्रक्रिया में गड़बड़ी की थी, जिसके बदले कथित तौर पर उन्हें 125 करोड़ रुपये से अधिक की रिश्वत मिली थी.

About VP-Admin

Check Also

मिडिल ईस्ट तनाव का असर, श्रीलंका में पेट्रोल जमा करने पर 21 दिन की जेल का आदेश

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और युद्ध के बीच वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *