
बदायूं में रविवार रात एक महिला ने सरेराह एक ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी। महिला ने ऑटो से उसे नीचे खींचा, थप्पड़ मारे और फिर चप्पलों से पीट दिया। हद तो तब हो गई जब उसने ऑटो चालक के कपड़े भी फाड़ दिए। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना हजरतपुर कस्बे की है। जानकारी के मुताबिक, मीना नाम की महिला रविवार रात अपने घर से बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसकी साड़ी एक गुजरते ऑटो में फंस गई, जिससे वह गिरते-गिरते बची। इससे नाराज होकर महिला ने ऑटो को रुकवाया और चालक पर टूट पड़ी।

पुलिस के अनुसार, ऑटो चालक की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला पहले उसे ऑटो से खींचकर नीचे उतारती है और फिर तमाचे मारती है। इसके बाद वह चप्पलों से उसकी पिटाई करती है। मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे और किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। हजरतपुर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला द्वारा ऑटो चालक से मारपीट की गई है। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने पर उसे मेडिकल के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source Agency News
Village Post