
गोंडा जिले में सातवीं मोहर्रम का अलम जुलूस देर रात 3:00 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे जिसकी कमान स्वयं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संभाली। उन्होंने जिले के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जुलूस को सकुशल संपन्न कराया और मुस्लिम समाज के लोगों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है।

मोहर्रम के सातवें दिन निकाले गए इस अलम जुलूस में मुस्लिम समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी इमाम हुसैन की शहादत की याद में यह जुलूस पारंपरिक जोश और श्रद्धा के साथ निकाला गया। सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन कैमरों से भी लगातार निगरानी रखी जा रही थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। जुलूस के दौरान ढोल-ताशों की गूंज के बीच मुस्लिम समाज के लोगों ने इमाम हुसैन की याद में मातम किया।

“या हुसैन” की सदाएं पूरे जुलूस में गूंजती रहीं, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और दुःख को व्यक्त कर रही थीं। अलम के साथ चल रहे लोगों में इमाम हुसैन के प्रति असीम श्रद्धा और सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाई।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की सक्रिय भागीदारी और मार्गदर्शन से यह सुनिश्चित किया गया कि जुलूस बिना किसी बाधा के संपन्न हो। इस सफल आयोजन ने गोंडा में सांप्रदायिक सौहार्द और शांति का संदेश दिया।
Source Agency News
Village Post