
अम्बेडकरनगर में एक जमीनी विवाद में पुलिस की दादागिरी का मामला सामने आया है। अकबरपुर थाना क्षेत्र के श्रवण क्षेत्र के पूर्व चौकी प्रभारी राहुल कुमार पांडेय और सिपाही बृजेश यादव पर विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी की अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला मूसेपुर गिरंट गांव का है। रामभेज और उनके भाई मुकेश एक जमीनी विवाद की शिकायत लेकर चौकी पहुंचे थे। यह विवाद आशाराम की मां की वसीयत को लेकर आशाराम और उनके भाई सदाराम के बीच चल रहा था।
रामभेज के अनुसार, चौकी इंचार्ज ने उन्हें और उनके साथियों को कमरे में बुलाकर बेल्ट और बूट से मारा। पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक गालियां दीं और पिस्टल दिखाकर एनकाउंटर की धमकी दी। पैसे की मांग ठुकराने पर रामभेज, मुकेश और अशोक का चालान कर दिया गया।
पीड़ितों ने थाना कोतवाली अकबरपुर और एसपी से शिकायत की। कोई कार्रवाई न होने पर मामला कोर्ट पहुंचा। न्यायालय के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी दरोगा राहुल पांडेय वर्तमान में टांडा के मुबारकपुर में चौकी प्रभारी हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source Agency News
Village Post