
भारी बारिश में बेहाल परियर पुलिस चौकी, कमरे में घुसे पानी को बाल्टी से निकालते दिखे पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल
उन्नाव। जिले की परियर पुलिस चौकी इन दिनों बदहाल हालात में सुर्खियों में है। भारी बारिश के चलते चौकी के अंदर कमरे में पानी भर गया, जिससे वहां तैनात पुलिसकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हालात ऐसे हो गए कि पुलिसकर्मी खुद बाल्टी लेकर कमरे से पानी निकालते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और संसाधनों की पोल खुल गई है।
जानकारी के मुताबिक परियर चौकी की इमारत काफी पुरानी और जर्जर हालत में है। बारिश के मौसम में कमरों में पानी भरना आम बात हो गई है। लेकिन तेज बारिश के बाद हालात ज्यादा खराब हो गए। चौकी के कमरों में इतना पानी भर गया कि वहां बैठना तक मुश्किल हो गया। मजबूरन पुलिसकर्मियों को खुद ही बाल्टी से पानी बाहर निकालना पड़ा।
परियर पुलिस चौकी की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि चौकी के की छतें सिर्फ टीन व छप्पर से ढंकी हैं। बारिश होते ही छत से पानी टपकने लगता है और पूरा कमरा तालाब में तब्दील हो जाता है। तेज बारिश के दौरान यही हालात फिर बने। चौकी परिसर और अंदर के कमरों में पानी भर गया।
Source Agency News
Village Post