लखनऊ│कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं. कांग्रेस ने यहां बड़ी जीत दर्ज की. खबर लिखे जाने तक मुख्यमंत्री के नाम को लेकर माथापच्ची चल रही थी. कांग्रेस की जीत के उत्साह के बीच एक खबर ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मुश्किलें बढ़ा दी.
पंजाब के संगरूर की एक स्थानीय अदालत ने बजरंग दल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ दायर 100 करोड़ रुपये के मानहानि के मामले में उन्हें नोटिस जारी किया है। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) रमनदीप कौर की अदालत ने खड़गे को 10 जुलाई को तलब किया है।
ये भी पढ़े
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत, भाजपा की हार के मायने
निकाय चुनाव की जीत ने योगी को और बड़ा बना दिया
बताते चलें कि कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक चुनाव में अपने गारंटी पत्र (चुनावी घोषणा पत्र) में सत्ता में आने पर पीएफआई और बजरंग दल जैसे धार्मिक संगठनों को प्रतिबंधित करने की बात कही थी. कांग्रेस के इस ऐलान के बाद से ही भाजपा उसपर आक्रामक हो गयी थी. उसने बजरंग दल पर प्रतिबन्ध की घोषणा को बजरंग बली से जोड़ कर कांग्रेस को घेरने का प्रयास किया था.
खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित तमाम नेताओं ने इस मुद्दे को जोर शोर से उठाया. पीएम ने लोगों से वोट डालने के पहले जय बजरंग बली बोलने की अपील भी थी. हालांकि ये सारी कवायद भाजपा के काम नहीं आ सकी और उसे चुनाव हार कर सत्ता गवानी पड़ी.
हिंदू सुरक्षा परिषद के संस्थापक याचिकाकर्ता हितेश भारद्वाज ने हाल ही में संपन्न कर्नाटक चुनावों के दौरान बजरंग दल के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए खड़गे के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने बजरंग दल की तुलना देश विरोधी संगठनों से की और कर्नाटक में सत्ता में आने के बाद इसे प्रतिबंधित करने का भी वादा किया।
Village Post