सहारनपुर में फर्जी निवेश और ऐप के जरिए 5 शिकारों से 60 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा।

 

Saharanpur News

सहारनपुर में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर लगभग 60 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। कहीं ऑनलाइन निवेश में भारी मुनाफे का लालच दिया गया तो कहीं सोशल मीडिया लिंक और फर्जी मोबाइल ऐप के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई हड़प ली गई। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मामले दर्ज कर लिए गए हैं।

तोता चौक स्थित राम विहार कॉलोनी निवासी आशीष शर्मा ने बताया कि उन्होंने exotica-submit.com नाम की कंपनी में 18.02 लाख रुपये का निवेश किया था। कंपनी ने बेहतर रिटर्न का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया और पूरी रकम लेकर गायब हो गई।

देवबंद क्षेत्र के गांव कुरलकी निवासी अजमेर सिंह को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगा गया। पीड़ित के अनुसार, वॉट्सऐप कॉल के जरिए खुद को स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट बताने वाले व्यक्ति ने पहले छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाया। विश्वास बढ़ने पर अजमेर सिंह ने 20 नवंबर 2025 तक कुल 14.04 लाख रुपये निवेश कर दिए। बाद में महंगे आईपीओ का झांसा देकर और पैसे मांगने लगे तथा रकम निकालने से रोक दिया गया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।

थाना जनकपुरी क्षेत्र के सड़क दूधली निवासी शाह खालिद से फेसबुक लिंक के जरिए जुड़कर 5.80 लाख रुपये की ठगी की गई। इसी तरह सढ़ौली कदीम निवासी रामभूल सिंह को BoB Caps QIB नामक फर्जी एप के माध्यम से जोड़कर 13.69 लाख रुपये का नुकसान कराया गया।

इसके अलावा हकीकत नगर निवासी प्रेम बटला से भी ऑनलाइन निवेश के नाम पर 10.16 लाख रुपये ठग लिए गए। सभी मामलों में ठगों ने अधिक रिटर्न का लालच देकर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली।

साइबर क्राइम पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों व डिजिटल प्लेटफॉर्म की जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, वॉट्सऐप कॉल या अनजान लिंक के जरिए मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें और बिना पूरी जांच-पड़ताल किसी भी वेबसाइट या ऐप पर पैसा न लगाएं।

About VP-Admin

Check Also

लखनऊ में कोहरे का कहर, रेल यातायात प्रभावित और 9 ट्रेनें लेट

उत्तर भारत में घने कोहरे और खराब मौसम का असर रेल संचालन पर साफ नजर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *