
बलिया के उप कृषि निदेशक मनीष सिंह ने कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी है। यह आवेदन 27 जून दोपहर 12 बजे से 12 जुलाई रात्रि 12 बजे तक किया जा सकता है।
किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर ‘यंत्र पर अनुदान हेतु टोकन निकाले’ लिंक पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। इस योजना में कृषि यंत्र, कृषि रक्षा उपकरण, कृषि ड्रोन, फसल अवशेष प्रबंधन के यंत्र शामिल हैं। साथ ही कस्टम हायरिंग सेंटर, हाई टेक हब और फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।

आवेदन के लिए किसानों को पोर्टल पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर OTP मिलेगा। अगर पुराना नंबर काम नहीं कर रहा है, तो वे नया नंबर या परिवार के सदस्यों (माता, पिता, भाई, बहन, पुत्र, पुत्री और पुत्रवधु) का नंबर इस्तेमाल कर सकते हैं।
बुकिंग के समय 1 लाख रुपए तक के अनुदान वाले यंत्र के लिए 2,500 रुपए और 1 लाख रुपए से अधिक के अनुदान के लिए 5,000 रुपए जमा करने होंगे। चयन न होने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी। लक्ष्य से अधिक आवेदन आने पर ई-लॉटरी से चयन किया जाएगा।
चयनित किसानों को निर्धारित समय में यंत्र खरीदकर बिल पोर्टल पर अपलोड करना होगा। अनुदान केवल upyantratracking.in पोर्टल पर दर्ज कृषि यंत्र इन्वेंट्री से खरीद करने पर ही मिलेगा।
Source Agency News
Village Post