प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में पत्रिका चौराहे के पास स्थित एक रेस्टोरेंट एक बार फिर विवादों में घिर गया है। कुछ दिन पहले यहां कर्मचारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज, लूट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया था, जबकि अब उसी रेस्टोरेंट के भीतर हुक्का परोसे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो करीब 22 सेकंड का बताया जा रहा है, जिसमें रेस्टोरेंट के अंदर एक युवक आराम से बैठकर हुक्का पीता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेस्टोरेंट की गतिविधियों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
कर्मचारी ने दर्ज कराई थी एफआईआर
रेस्टोरेंट में काम करने वाले अखिल चौधरी ने 9 दिसंबर को सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपुरम निवासी एक युवक अपने 10–11 साथियों के साथ लगातार तीन दिनों तक रेस्टोरेंट में आकर गाली-गलौज और मारपीट करता रहा। 5, 6 और 7 दिसंबर को आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और सोने की चेन व नकदी लूट ली।
हुक्का सर्व करने से इनकार बना विवाद की वजह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रेस्टोरेंट में हुआ विवाद हुक्का परोसने को लेकर ही शुरू हुआ था। कर्मचारियों द्वारा हुक्का देने से मना करने पर आरोपियों ने हंगामा किया, जो बाद में मारपीट और धमकी तक पहुंच गया। अब सामने आए वीडियो ने इस आशंका को और मजबूत कर दिया है कि रेस्टोरेंट में चोरी-छिपे हुक्का परोसा जा रहा था।
हुक्का बार पर पूरी तरह रोक
गौरतलब है कि रेस्टोरेंट और कैफे में हुक्का बार का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद शहर में रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से हुक्का परोसने के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। इससे पहले भी सिविल लाइंस क्षेत्र में ऐसे मामलों पर कार्रवाई हो चुकी है।
वायरल वीडियो के बाद जांच तेज
हुक्का पिलाने का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और रेस्टोरेंट की गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।
Village Post