साल 2025 समाप्ति की ओर है और क्रिकेट की दुनिया के लिए ये साल काफी यादगार रहा. भारतीय टीम ने 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीती. दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीत कर 27 साल से चला आ रहा आईसीसी खिताब का इंतजार तोड़ा. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना पहला विश्व कप जीता. इन अच्छी यादों के अलावा कुछ विवाद भी हैं जिनके लिए साल 2025 याद किया जाएगा. आइए क्रिकेट की दुनिया से जुड़े साल के पांच बड़े विवादों पर नजर डालते हैं.
क्रिकेट में साल 2025 में हुए 5 चर्चित विवाद
1. पाकिस्तान में होने के बजाय हाइब्रिड मॉडल में हुआ चैंपियंस ट्रॉफी
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आयोजन पाकिस्तान में होना था. बीसीसीआई के विरोध की वजह से टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में पाकिस्तान और दुबई में खेला गया. ये साल का सबसे विवादित विषय था जिसने खूब चर्चा बटोरी.
2. RCB ने 18 साल के लंबे इतेजार के बाद जीता IPL खिताब
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 में 18 साल के लंबे इतेजार के बाद खिताब जीता. ये टीम का पहला आईपीएल खिताब था. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खिताब का जश्न मनाने के लिए टीम और फैंस जुटे थे. इसी बीच भगदड़ में स्टेडियम के पास 11 लोगों की मौत हो गई. इस घटना ने न सिर्फ जीत का जश्न फीका किया बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे दुखदाई घटनाओं में से एक बन गया.
3. एशिया कप में पाकिस्तान से भारत का हाथ ना मिलाना
एशिया कप 2025 साल का सबसे चर्चित इवेंट था. इस दौरान भारतीय टीम ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया. टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया. ये सिलसिला लगातार तीन मैचों तक चला और साल की सबसे बड़ी खबर बना. क्रिकेट में ऐसा नहीं देखा गया कि दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ न मिलाते हों. फाइनल में जीत के बाद भारतीय टीम का पाकिस्तानी मूल के एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से खिताब न लेना भी चर्चा में रहा. पाकिस्तानी खिलाड़ियों हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान ने भी विवादास्पद सेलिब्रेशन किया था.
4. जडेजा और सुंदर का बेन स्टोक्स से हाथ ना मिलाना
भारत और इंग्लैंड के बीच ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथा टेस्ट खेला गया. टेस्ट में रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने शतक के करीब होने की वजह से इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स से हैंडशेक को मना कर दिया था. जडेजा और सुंदर द्वारा हाथ न मिलाए जाने की घटना ने भी खूब चर्चा बटोरी और इंग्लिश मीडिया ने उसे विवाद के तौर पर दिखाया.
5. भारत पर दक्षिण अफ्रीका के हेड कोच शुकरी कॉनराड का विवादित बयान
दक्षिण अफ्रीका के हेड कोच शुकरी कॉनराड ने भारत के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए टेस्ट में अपनी टीम के रवैये को बताने के लिए ‘ग्रोवेल’ शब्द का इस्तेमाल किया. इस शब्द के इस्तेमाल के बाद, शुकरी कॉनराड विवादों में आ गए थे. अनिल कुंबले और चेतेश्वर पुजारा जैसे पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने इस कमेंट की कड़ी आलोचना की, क्योंकि इस शब्द का इस्तेमाल सकारात्मक रूप में नहीं किया जाता.
Village Post